Hindi translation of "VRS is purely voluntary - we will not allow the Management to force employees to go on VRS."
VRS पूर्ण रूपेण स्वैच्छिक है- हम मैनेजमेंट को कर्मचारियों को VRS लेने हेतु दबाव नही बनाने देंगे....
BSNL और MTNL में VRS का क्रियान्वयन कैबिनेट द्वारा 23.10.2019 को अनुमोदित रिवाइवल पैकेज का एक पहलू है। श्री रवि शंकर प्रसाद, माननीय संचार मंत्री ने उसी दिन मीडिया को संबोधित करते हुए सूचित किया था कि BSNL और MTNL में VRS का क्रियान्वयन पूर्ण रूपेण स्वैच्छिक रहेगा, जिसका आशय है कि किसी को भी VRS के लिए बाध्य नही किया जाएगा। किन्तु, BSNL मैनेजमेंट द्वारा कर्मचारियों में भय का वातावरण निर्मित कर उन्हें VRS पर जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। श्री पी के पुरवार, CMD BSNL द्वारा 25.10.2019 को कॉर्पोरेट ऑफिस में दिए गए उद्बोधन का उद्देश्य भी कर्मचारियों को आतंकित करना ही है। श्री पी के पुरवार ने वह गैर जिम्मेदाराना उद्बोधन, BSNL के एग्जीक्यूटिव्ज व नॉन एग्जीक्यूटिव्ज के समर्पण और कार्य संस्कृति को जाने बगैर दिया, जिन्होंने BSNL द्वारा प्रदत्त सेवाओं को उन्नत बनाने के लिए " कस्टमर डिलाइट मूवमेंट", "सर्विस विथ स्माइल" और "BSNL एट योर डोर स्टेप" जैसे कार्यक्रमों के साथ साथ राजस्व वसूली और उपभोक्ता संतुष्टि के कार्य किए। इसी वजह से श्री पी के पुरवार के उद्बोधन की सर्वत्र भर्त्सना हुई। इसके अलावा हम यह भी बताना चाहेंगे कि 23.10.2019 को कैबिनेट द्वारा अनुमोदित रिवाइवल पैकेज, जो कि प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो द्वारा प्रकाशित किया गया था, में कहीं भी रिटायरमेंट की आयु सीमा 60 से घटा कर 58 किए जाने का उल्लेख नही है। फिर भी, BSNL में 58 वर्ष का क्रियान्वयन करने की अफवाह फैला कर कर्मचारियों में आतंक का माहौल निर्मित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हम पूर्व में यह स्पष्ट कर चुके हैं कि BSNL के गठन के समय कैबिनेट द्वारा स्पष्टता के साथ यह कमिटमेंट किया गया था कि BSNL कर्मियों के लिए रिटायरमेंट की उम्र सीमा हेतु सरकार के नियम लागू होंगे। अतः कर्मचारियों को भयभीत होने की आवश्यकता नही है। हम भी मैनेजमेंट को कर्मचारियों को आतंकित कर VRS लेने के लिए बाध्य करने की इजाजत नही देंगे।
bsnleuchq@gmail.com 