Hindi translation of "Details of the discussion held between the Director(HR) and unions which had issued notice for hunger strike on 25-11-2019."
डायरेक्टर (HR) और 25-11-2019 को भूख हड़ताल हेतु नोटिस जारी करने वाली यूनियन्स के बीच हुई चर्चा का विवरण...
कल दिनांक 22.11.2019 को श्री अरविंद वडनेरकर, डायरेक्टर (HR) और BSNLEU, BTEU, FNTO, BSNL MS, ATM और BSNL OA के महासचिवों/प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई। चर्चा का विवरण निम्नानुसार है:
(1) VRS ऑप्टीज के लिए पेंशन कम्युटेशन से जुड़ी समस्याएं...
VRS-2019 के अनुसार VRS ऑप्टीज को पेंशन के कम्युटेशन की पात्रता 60 वर्ष की उम्र पूर्ण करने पर ही होगी। किन्तु, अभी विद्यमान नियमों के अनुसार रिटायरी को उनके रिटायरमेंट पश्चात 1 वर्ष की समयावधि में ही पेंशन कम्युटेशन हेतु आवेदन देना होता है। ऐसा नही होने पर, उन्हें मेडिकल जांच करवाना जरूरी है, जिससे VRS ऑप्टीज के लिए अनावश्यक समस्याएं निर्मित होगी। इसके अलावा, VRS ऑप्टी की VRS पर जाने की दिनांक से 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने के मध्य यदि मृत्यु हो जाती है तो VRS ऑप्टी के परिवार को पेंशन कम्युटेशन का लाभ नही मिलेगा। फलस्वरूप, VRS ऑप्टी के परिवार को भारी नुकसान होगा। अतः, यूनियन्स ने मांग की कि पेंशन कम्युटेशन के नियमों में आवश्यक परिवर्तन किए जाएं, जिससे कि VRS ऑप्टीज को ऊपर उल्लेखित समस्याओं का सामना न करना पड़े। किन्तु, मैनेजमेंट पक्ष द्वारा इस समस्या का कोई ठोस निदान प्रस्तुत नही किया गया।
(2) VRS ऑप्टीज को 3rd PRC की पात्रता...
माननीय सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय (judgement) कहता है कि, जो कर्मचारी VRS पर जाता है, उसे पूर्व दिनांक से हुए पे रिवीजन की पात्रता नही होगी। साथ ही, VRS-2019 में भी यह स्पष्ट रूप से कहा गया है कि " इस योजना के अंतर्गत देय लाभ के रूप में ही, इस योजना में समाहित या अन्य, सभी प्रकार के क्लेम्स का पूर्ण रूप से अंतिम निपटान (full & final settlement) माना जाएगा। " VRS 2019 का यह प्रावधान, यह स्पष्ट करता है कि VRS ऑप्टीज को पे रिवीजन का लाभ नही मिलेगा। अतः, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के जजमेंट और VRS 2019 के प्रावधान के परिप्रेक्ष्य में यूनियन्स ने यह मांग की कि BSNL मैनेजमेंट यह स्पष्ट रूप से प्रतिबद्धता प्रदर्शित (commitment) करे कि VRS ऑप्टीज को, पूर्व दिनांक से कार्यान्वयन होने की स्थिति में , 3rd PRC का लाभ मिलेगा। किन्तु, प्रबंधन द्वारा इस संबंध में कोई वादा (commitment) नही किया गया।
(3) रिटायरमेंट की उम्र के संबंध में BSNL के निर्मिति के समय की गई प्रतिबद्धता (कमिटमेंट)का कार्यान्वयन...
BSNL मैनेजमेंट द्वारा उनके पत्र क्रमांक BSNL/4/SR/2000 दिनांक 02 जनवरी, 2001 द्वारा यह आश्वासन दिया गया था कि BSNL में समाहित कर्मचारियों की सुपरएन्युएशन उम्र सरकार के नियमों के अनुसार नियंत्रित (regulate) की जाएगी। किन्तु, इस आदेश के विपरीत, कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है कि BSNL कर्मचारियों की उम्र घटा कर 58 कर दी जाएगी। अतः, यूनियन्स ने मांग की कि मैनेजमेंट कमिटमेंट करे कि ऊपर उल्लेखित पत्र में किए गए आश्वासन का का सम्मान किया जाएगा। किन्तु, जैसा कि अपेक्षित था, मैनेजमेंट इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का स्पष्ट कमिटमेंट करना टालता रहा।
(4) VRS पश्चात परिदृष्य में स्थानांतरण और कार्याधिकता से निपटने हेतु रणनीति (roadmap)...
यूनियन्स द्वारा कड़े शब्दों में शिकायत की गई कि BSNL के उच्च अधिकारी कर्मचारियों को धमकियां देने में लिप्त हैं, कि VRS पर नही जाने की स्थिति में उन्हें स्थानांतरित कर दिया जाएगा। यूनियन्स द्वारा, इस तरह की धमकियां देने में शामिल उच्च अधिकारियों के नाम भी बता दिए गए और मैनेजमेंट से यह कमिटमेंट की मांग की कि कर्मचारियों का दुर्भावनापूर्ण तरीके से स्थानांतरण नही किया जाएगा। इस मुद्दे पर मैनेजमेंट का रुख सकारात्मक रहा।
(5) वेतन का भुगतान, रिकवरीज का प्रेषण और कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स का भुगतान...
यूनियन्स ने मांग की कि अक्टूबर माह के वेतन का भुगतान शीघ्र किया जाए, साथ ही मई 2019 से कर्मचारियों के वेतन से की गई रिकवरीज भी संबंधित संस्थाओं को अविलंब प्रेषित की जाए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स के 10 माह के वेजेस के एरीअर्स का भी तत्काल भुगतान किया जाए। किन्तु, इन मुद्दों पर मैनेजमेंट पक्ष कोई आश्वासन नही दे सका।
(6) 3rd PRC और पेंशन रिवीजन...
यूनियन्स की ओर से मांग की गई कि इन मुद्दों का शीघ्र निराकरण किया जाए। किन्तु, मैनेजमेंट की ओर से कहा गया कि इन मुद्दों पर सेक्रेटरी, टेलीकॉम से चर्चा करना जरूरी है, जिसके लिए BSNL मैनेजमेंट द्वारा यथाशीघ्र मीटिंग आयोजित की जाएगी।
(7) 4G सेवाओं की शुरुआत...
यूनियन्स ने मांग की कि सरकार द्वारा आवंटित स्पेक्ट्रम का उपयोग कर 4G सेवा शीघ्र शुरू की जाए। इस मुद्दे पर मैनेजमेंट पक्ष की ओर से बताया गया कि BSNL की 4G सेवा 31 मार्च, 2020 के पूर्व शुरू कर दी जावेगी।
चर्चा 2 घंटे से अधिक समय तक चली। मीटिंग समाप्त होने के पश्चात, जिन प्रतिनिधियों ने चर्चाओं में शिरकत की थी, उन्होंने मीटिंग के परिणाम की समीक्षा की। सभी प्रतिनिधि इस मत (opinion) पर एकमत थे कि मैनेजमेंट पक्ष का रुख (response) असंतोषजनक था और भूख हड़ताल तय कार्यक्रम अनुसार करने का निर्णय लिया गया।
bsnleuchq@gmail.com 